15.06.2026 - अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, बिहार की प्रदेश कोर टीम ने प्रदेश अध्यक्ष कर्नल एम.पी. सिंह के नेतृत्व में सोमवार को राजभवन, पटना में राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर पूर्व सैनिकों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा।बैठक में अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, ब्रिगेडियर अमित बेदी तथा सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मृगेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। ज्ञापन में सरकारी नौकरियों और उच्च शिक्षण संस्थानों में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए आरक्षण, बीएमपी-16 भर्ती प्रक्रिया पुनः शुरू करने, जिलों में हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाने, भूमि रजिस्ट्री शुल्क में छूट, आर्म्स लाइसेंस नवीनीकरण, डायल-112 एवं सैप जवानों की गृह जिले में नियुक्ति तथा ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक व कैंटीन जैसी सुविधाओं की मांग शामिल है। राज्यपाल ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।